किसानों से धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाष्त नहीं की जाएगी – कलेक्टर उइके

KOHRAM NEWS… कलेक्टर बीएस उइके ने आज समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी का निरीक्षण करने धान खरीदी फिंगेश्वर क्षेत्र अंतर्गत जामगाँव, गुण्डरदेही एवं फिंगेश्वर पहुंचे। इस दौरान उन्होनें केन्द्र में धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों से किसानों से सुचारू तरीके से धान खरीदी की सुविधाओं का भी मूल्याकंन किया। धान खरीदी केन्द्र में उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान का नमी मापकर देखा, साथ ही धान की बोरियों में भी हाथ लगाकर नमी आदि की जांच की, साथ ही अपने सामने ही धान तौलाई का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों के धान तौलाई में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं आनी चाहिए, इसके लिए समिति में सुचारू व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों से धान खरीदी पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। लापरवाही पाये जाने पर संबंधितांे के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने धान बेचने में किसानों को किसी भी परेशानी न हो, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान एसडीएम श्री विशाल महाराणा, जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे, डीएमओ किशोर चंद्रा, सहायक आयुक्त सहकारिता सुश्री महेश्वरी तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री उइके ने धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर समिति के कर्मचारियों को किसानों के धान निर्धारित मात्रा में तौलने के निर्देश देते हुए कहा कि धान तौलने, भरने, स्टेकिंग करने में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। प्रतिदिन धान खरीदी होने के उपरांत उसे सिलाई कर स्टेकिंग कराये। जहां कहीं अनियमितता है, उसे सुधार करे।

उन्होंने संबंधित अधिकारी को स्टॉक वेरिफिकेशन करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे भी अपने धानों को साफ-सफाई कर एवं सुखाकर धान खरीदी केन्द्रों में बेचने के लिए लाए। कलेक्टर श्री उइके ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने किसानों को तौल में पारदर्शिता, उपार्जित धान के संपूर्ण विक्रय तथा कम पैदावार की स्थिति में रकबा समर्पण की प्रक्रिया का पालन करते हुए पोर्टल में समय पर एंट्री कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में किसी भी प्रकार की विसंगति या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने से रोका जा सकेगा। पीडीएस दुकानों का संचालन करने वाली समितियों को भी रिक्त बोरियों की नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *