योगी आदित्यनाथ ने रचा नया इतिहास

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नया इतिहास रच दिया है, जहां उन्होंने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और एनडी तिवारी के साथ ही मायावती और अखिलेश यादव जैसे नेताओं को पीछे छोड़ दिया है। सीएम योगी अब उत्तर प्रदेश के इतिहास के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने वाले नेता बन गए हैं। वह 19 मार्च 2017 से इस पर काबिज हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में आठ साल 132 दिनों का कार्यकाल पूरा कर लिया है।

उनसे पहले गोविंद बल्लभ पंत के पास सबसे अधिक वक्त तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड था। उनका कुल कार्यकाल (स्वतंत्रता से पूर्व सहित ) आठ साल और 127 दिनों का रहा। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के 22वें मुख्यमंत्री हैं। वह प्रदेश के पहले ऐसे सीएम हैं, जिन्होंने पूर्ण कार्यकाल के बाद दोबारा लगातार पद संभाला है। उन्हें साल 2022 में फिर से मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला।
2017 में योगी आदित्यनाथ बने राज्य के सीएम

साल 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ बीजेपी के सबसे प्रमुख और प्रभावशाली चेहरों में शामिल रहे। इसका फायदा पार्टी को भी मिला, जहां वह पूर्ण बहुमत हासिल करने में कामयाब रही, जिसके बाद 19 मार्च 2017 को वह राज्य के सीएम बने।
सबसे युवा सांसदों में एक रहे हैं योगी आदित्यनाथ

1998 में महज 26 साल की उम्र में गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखने वाले योगी आदित्यनाथ देश के सबसे युवा सांसदों में से एक थे। वह गोरखपुर में लगातार पांच बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंच चुके हैं। वह गोरखनाथ की गोरक्षनाथ पीठ के मठ के महंत भी हैं। वह अपने आध्यात्मिक गुरु महंत अवैद्यनाथ के निधन के बाद से महंत के पद पर हैं और 2014 से इस पद पर कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *