बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की आमद के पहले ही बादलों ने डेरा डाल दिया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार से प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर वज्रपात और भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से बस्तर संभाग के जिले, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ क्षेत्र भारी बारिश से प्रभावित हो सकते हैं। 27 मई को राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पूर्व राज्यों और उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना जताई गई है। मराठवाड़ा क्षेत्र में बना कम दबाव क्षेत्र मध्य क्षोभमंडल तक चक्रीय परिसंचरण लिए हुए है, जो दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। एक द्रोणिका पूर्व-मध्य अरब सागर से तटीय आंध्र तक सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में भी मंगलवार के आसपास नया कम दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *